वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने शुक्रवार को बेस अस्पताल कोटद्वार में 10 बेड के आईसीयू यूनिट का लोकार्पण किया। अब बेस अस्पताल के आईसीयू यूनिट में बेड की संख्या 4 से बढ़कर 14 हो गई है। वन मंत्री ने कहा कि जल्द ही बेस अस्पताल में पचास बेड का आईसीयू बनाया जाएगा।
शुक्रवार को बेस अस्पताल में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत बेस अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने वाली कंपनी को तुरंत प्लांट शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में 100 बेड की व्यवस्था और की जा रही है। कोटद्वार में इमरजेंसी सेवाओं के 500 बेड की व्यवस्था रहेगी। कोटद्वार के सभी चिकित्सालयों को प्रमुख अधीक्षक के अधीन कर दिया गया है। साथ ही इमरजेंसी में पीएस (प्रमुख अधीक्षक) को संविदा पर स्टाफ नियुक्त करने के अधिकार दिए गए हैं। इस मौके पर प्रभारी प्रमुख अधीक्षक डॉ. एसडी आर्य, बेस अस्पताल के मैनेजर बीएस रावत, डॉ. सुनील शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेंद्र गुसाईं, पीआरओ सीपी नैथानी, मंत्री के प्रेस सचिव सुधीर बहुगुणा आदि मौजूद रहे।