हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में कोल्डड्रिंक लेने गए दो दोस्तों के साथ कुछ युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने मारपीट करते हुए मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी कमरे पर भी पहुंच गए और वहां मौजूद दो अन्य युवकों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, सलेमपुर महदूद निवासी सुलेमान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 28 अगस्त की रात करीब 11 बजे अपने दोस्त सलमान के साथ कासिम की दुकान पर कोल्डड्रिंक लेने गया था। वहां आवेश, फिरोज, मुनेर, अयान और आसिफ, सभी निवासी ग्राम सलेमपुर महदूद मौजूद थे। आरोप है कि सभी शराब और स्मैक के नशे में थे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सभी ने सुलेमान और उसके दोस्त सलमान के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसका मोबाइल भी तोड़ दिया।
सुलेमान के मुताबिक मारपीट में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि सलमान की कमर में चोट लगी। किसी तरह वह वहां से भागकर अपनी जान बचाकर कमरे पर पहुंचा। आरोप है कि इसके बाद सभी उसके कमरे पर भी पहुंच गए और वहां मौजूद उसके दोस्त उमर और सलमान के साथ मारपीट की। जाते समय धमकी दी कि दोबारा कहीं दिखाई देने पर जान से मार देंगे। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।