शांतिकुंज के प्रमुख डा. प्रणव पंड्या ने कहा कि किसी भी संगठन या अभियान को आगे बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवा उम्र विशेष से नहीं, वरन उत्साह-उमंग से होता है। महान गुरु अपने शिष्यों में युवा मन जैसे उत्साह पैदा करते हैं।
शांतिकुंज में पश्चिमोत्तर जोन के उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर और पश्चिमी उप्र के विभिन्न जिलों से आए 600 से अधिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए डा.पंड्या ने कहा कि युवा शक्ति जिस आंदोलन में जुड़ जाती है, उसमें सफलता तय है। कहा कि युवा क्रांति वर्ष के तहत इन दिनों भटके हुए युवाओं को सही दिशा देने के लिए विभिन्न रचनात्मक कार्यों को गति दी जा रही है। इसमें युवाओं के अंदर छिपी प्रतिभा को परिष्कृत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिकुंज के जनक श्रीराम शर्मा आचार्य ने अपनी युवावस्था को समाज के हित के लिए होम दिया। उन्होंने अस्सी वर्ष की उम्र में भी युवा की भांति कार्य किए। उनके तप का परिणाम है कि आज पूरा विश्व शांतिकुंज की ओर आशा से देख रहा है। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी में एक अक्तूबर से विशेष साधना शिविर शुरू होगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू काश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि मौजूद रहे। सत्र का संचालन केदार प्रसाद दुबे ने किया।
सीएनसी लेजर कटिंग मशीन का शुभारंभ
हरिद्वार। शांतिकुंज के स्वावलंबन कार्यशाला में कुटीर उद्योग का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। उच्च गुणवत्ता वाले कार्यों को ध्यान में रखते के लिए प्रशिक्षणार्थियों के प्रशिक्षण के लिए विभिन्न मशीनों के संचालन का प्रशिक्षण भी प्रारंभ किया गया है जिसके अंतर्गत फोटोफ्रेमिंग, फोटो लेमिनेशन और प्लास्टिक से संबंधित कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाता है।
शुक्रवार को शांतिकुंज प्रमुख डा. प्रणव पंड्या ने आधुनिक सीएनसी लेजर कटिंग मशीन का उद्घाटन किया। इस मशीन के माध्यम से एक्रेलिक सीट पर डिजाइन कटिंग होगी। विभाग के प्रभारी मोहनलाल गौतम के अनुसार विगत कई वर्षों से शांतिकुंज में चलने वाले एक महीने के शिविर के प्रशिक्षणार्थियों को स्वावलंबन का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ब्यूरो