हरिद्वार। सैनी आश्रम ज्वालापुर के नाम पर कूटरचित दस्तावेज से फर्जी संस्था बनाने का आरोप लगाकर समाज के युवाओं ने पूर्व मंत्री का पुतला फूंका। कहा कि आश्रम को बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
शुक्रवार को ग्राम बहादुरपुर में आसपास के गांवों के युवाओं ने संस्था में मुख्य संरक्षक बने पूर्व मंत्री रहे राम सिंह सैनी का पुतला फूंका। समाज के युवाओं आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री के मार्गदर्शन और दिशा निर्देश पर सैनी आश्रम ज्वालापुर के नाम पर समाज के चंद लोगों ने फर्जी संस्था बनाकर कमेटी बनाई है, उसे शीघ्र अति शीघ्र निरस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि आश्रम को हड़पने की नीयत से कूटरचित दस्तावेज बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जाए।
युवाओं ने कहा कि आश्रम पर किसी भी रूप में अवैध कब्जा नहीं दिया जाएगा। आश्रम समाज की संपत्ति है। जिसे समाज के लिए ही सुरक्षित किया जाएगा। इस मौके पर हर्ष सैनी, कन्हैया सैनी, गौरव सैनी, विनीत सैनी, आशीष सैनी, हेमंत सैनी, नितिन सैनी, ऋषभ सैनी, मोहित सैनी, संयम सैनी आदि मौजूद रहे।