हरिद्वार। शराब के नशे में धुत युवकों ने कई घंटों तक ज्वालापुर पुलिस को छकाए रखा। दरअसल, जिस युवक के डूबने की जानकारी दी गई थी वो सही सलामत मिला जबकि दूसरा युवक गायब मिला। माना जा रहा है कि गायब युवक गंगनहर में डूबा है। फिलहाल पुलिस गंगनहर खंगाल रही है। घटना रविवार की बताई जा रही है।
जौनपुर से कुछ युवक यहां सुभाषनगर में रहने वाले अपने दोस्त के यहां आए थे। सिडकुल की औद्योगिक इकाई में कार्यरत दोस्त के साथ युवकों ने पहले जमकर शराब पी। नशे में रानीपुर झाल के पास गंगनहर पर बने घाट पर चले गए। इसके बाद दो युवक गायब हो गए। इनके साथ के तीन युवक शाम के वक्त ज्वालापुर कोतवाली पहुंचे। युवकों ने बताया कि उनका एक साथी गायब है जो शायद गंगनहर में डूब गया है। पुलिस ने जब पड़ताल शुरू की तो पता चला कि जिस युवक के डूबने की बात बताई गई है वो सुभाष नगर में दोस्त के घर पहुंच गया। इसके बाद पता चला कि वो नहीं दूसरा दोस्त गायब है। एसएसआई कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गंगनहर में डूबे युवक की पहचान दिवाकर शर्मा पुत्र कन्हैया निवासी गांव सनेहाऊ कस्बा कासबापुर जिला गाजीपुर यूपी के रुप में हुई। उसके दोस्त अनुज यादव ने डूबने की सूचना दी है।