- सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, युवक-युवती पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में सड़क पर टक्कर लगने के बाद एक युवक के साथ गाली-गलौज और लोहे की रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया। वह अभी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, अंकित कुमार निवासी रावली महदूद ने तहरीर में बताया कि उसका भाई अक्षय कुमार 24 सितंबर की रात करीब 9:26 बजे दुकान से सामान लेने के लिए बाहर गया था। इसी दौरान सड़क पर एक युवक और युवती हाथ पकड़े हुए जा रहे थे। आरोप है कि युवक की टक्कर अक्षय से हो गई। अक्षय ने उसे देखकर चलने के लिए कहा तो युवक और युवती ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि अक्षय के विरोध करने पर दोनों ने उसे दुकान के बाहर ही नीचे गिरा दिया और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद युवक ने मौके पर पड़ी लोहे की रॉड उठाकर अक्षय के सिर पर हमला किया। आसपास के लोगों ने अक्षय को दोनों से छुड़ाया। परिजन अक्षय को मेट्रो अस्पताल लेकर पहुंचे।
गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। अंकित ने पुलिस को बताया कि मारपीट की घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।