हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र से किशोरी को बहलाकर अपहरण कर ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभिषेक निवासी ग्राम सराय को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 मार्च को एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री को अभिषेक 11 मार्च को बहलाकर अपने साथ ले गया है। इस संबंध में अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी और बालिका की बरामदगी के लिए टीम गठित की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और विभिन्न माध्यमों से जानकारी जुटाई।
कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शुक्रवार की शाम आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बयानों के आधार पर मामले में दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट की धारा की बढ़ोतरी की गई।