ज्वालापुर के मोहल्ला मंडी का कुंआ में से युवक का शव निकालते एसडीआरएफ के जवान ।
- फोटो : HARIDWAR
ज्वालापुर के मोहल्ला मंडी का कुंआ में शनिवार देर रात सूखे कुएं में गिरकर एक युवक की मौत हो गई। अंधेरा होने की वजह से युवक कुंए के ऊपर ढके लकड़ी के सड़े गले फट्टे पर पैर रखते ही युवक नीचे जा गिरा था। एसडीआरएफ की टीम ने युवक के शव को निकाला।
घटना शनिवार देर रात करीब साढ़े दस बजे के बाद की है। क्षेत्र के मोहल्ला कैथवाड़ा का रहने वाला शमी (40) पुत्र यासीन मोबाइल फोन पर बात करते हुए कुएं की तरफ बढ़ गया। कुएं के ऊपर रखा लकड़ी का फट्टा बेहद सड़ी गली स्थिति में था, उस पर पैर रखते ही शमी नीचे जा गिरा। सूचना मिलने पर रेल चौकी प्रभारी सुनील रावत मौके पर पहुंचे और दमकल महकमे को मौके पर बुला लिया। काफी प्रयास के बाद दमकल महकमे कर्मचारियों ने हाथ खड़े कर दिए। एसडीआरएफ को मौके पर बुलाया गया। देर रात एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के जवानों ने कुंए में उतरकर युवक को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। रेल चौकी प्रभारी सुनील रावत ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।