पथरी से हरिद्वार आ रहे बाइक सवार दो युवकों को एक ट्रक ने कुचल दिया। दोनों युवकों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को रात साढ़े ग्यारह बजे रवि (24) पुत्र विनोद और महकार (25) पुत्र चरण सिंह निवासी पुरुषोत्तमनगर पथरी हरिद्वार आ रहे थे। बताया जाता है कि हरिद्वार के एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने किसी परिजन को खाना दे आ रहे थे। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर बुढ्ढी माता मंदिर तिराह जगजीतपुर के पास पीछे से आ रहे खनन सामग्री से लदे ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। दोनों बाइक सवार युवक ट्रक के नीचे आकर बुरी तरह से कुच गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।