- डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर आयोजित किया गया अपराजिता
- अपराजिता तभी बनेंगी, जब अनुशासन में रहेंगी
हरिद्वार। डिवाइन कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज श्यामपुर हरिद्वार में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शनिवार को अपराजिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीओ अवनी तिवारी ने कहा कि छात्र जीवन में सोशल मीडिया के प्रयोग से बचना चाहिए। उन्हें केवल पढ़ाई पर फोकस करना चाहिए। कहा कि मैंने बहुत किताबें पढ़ी हैं, इसलिए, प्रमाणिक सूचनाओं के लिए अखबार और किताबें पढ़ें, इनसे कुछ न कुछ ज्ञान जरूर मिलेगा। कहा कि वह तभी अपराजिताएं बनेंगी, जब अनुशासन में रहेंगी।
शनिवार को हुए कार्यक्रम में सीओ अवनी तिवारी ने कहा कि छात्राएं अच्छे से पढ़ाई करें और अपना कॅरियर बनाएं, मेडिकल कर पढ़ाई पूरी करने के बाद समाज सेवा करें। उन्होंने कहा कि आजकल साइबर क्राइम बहुत बढ़ गया है। इससे बचने के लिए सावधान और सतर्क रहने की आवश्यकता है। कहा कि अपने बैंकिंग संबंधी कोई भी पासवर्ड आसान नहीं बनाएं, ऐसा पासवर्ड बनाएं जो मुश्किल हो। पासवर्ड को मोबाइल में भी न रखें। कहा कि डिजिटल अरेस्ट या फ्रॉड कॉल पर आए तो तुरंत उस कॉल को डिस्कनेक्ट कर दें और 112 पर सूचना कर दें। उन्होंने कहा कि ड्रग्स से बचें और बचाएं। लोगों को ड्रग्स से दूर रखने के लिए भी जागरूक करें।
कहा कि अपने आसपास होने वाली किसी भी गलत जानकारी तुरंत को पुलिस को दें, इसलिए, अपने थाने और पुलिस अधिकारियों का मोबाइल नंबर भी अपने पास रखें, ताकि, पुलिस सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई कर सके। कहा कि जो बताया है, उसे जीवन में उतारें तो सफलता अवश्य मिलेगी।
प्रिंसिपल अर्चना गुप्ता ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से छात्राओं को जागरूक करने के लिए सराहनीय कार्यक्रम किया गया है। ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर कराए जाने चाहिए। उन्होंने अमर उजाला फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। सीओ अवनी तिवारी का स्मृति चिंह देकर सम्मानित किया।