संवाद न्यूज एजेंसीहरिद्वार। पहली बार ग्राम पंचायतों में विकास का खाका खींचने से पहले महिला एवं बाल सभाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें महिलाओं और बच्चों के मुद्दों को जीपीडीपी की बैठकों में शामिल किया जाएगा। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ की ओर से महिला और बाल सभाओं के लिए प्रशिक्षण का रोस्टर जारी कर दिया गया है।
ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लोक योजना अभियान के तहत दो अक्तूबर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक तैयार कर ग्राम पंचायत विकास योजनाओं (जीपीडीपी) के गठन से पूर्व ग्राम पंचायतों में बाल सभा एवं महिला सभा का आयोजन कराया जा रहा है।
इसके पीछे सरकार का मकसद महिलाओं और बच्चों के विकास की योजनाओं को जीपीडीपी में जोड़ा जाना है, जबकि अभी तक जीपीडीपी की बैठक में बाल और महिलाओं के लिए विकास के एजेंडे पिछड़ जाते रहे हैं। इसलिए, बाल और महिलाओं की सभाएं अतिमहत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी पहल सरकार मानकर चल रही है, क्योंकि, सभाओं में महिलाओं और बच्चों के विषय पर फोकस किया जा सकेगा।
बाल सभा एवं महिला सभाओं का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण में जनपद की प्रत्येक विकास खंड में जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से 20 से 30 सितंबर के मध्य प्रत्येक विकास खंड के चयनित एक-एक ग्राम पंचायत में महिला एवं बाल सभा का आयोजन कराया जाएगा।
इनमें बहादराबाद की ग्राम पंचायत अहमदपुर ग्रंट, रुड़की की ग्राम पंचायत करौंदी, नारसन की ग्राम पंचायत उदलहेडी, भगवानपुर की ग्राम पंचायत डाडा पट्टी, लक्सर की ग्राम पंचायत रसूलपुर उर्फ कंकरखाता एवं खानपुर की ग्राम पंचायत चंद्रपुरी बांगर में महिला सभा व बाल सभा का आयोजन दो दिन मॉडल व प्रदर्शन के रूप में कराया जाएगा।
इसके बाद शेष 312 ग्राम पंचायतों में इसी आधार पर सभाएं होंगी। सभाओं से पहले ब्लॉक स्तर पर 24 सितंबर से 28 सितंबर के दो-दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।
ये होंगे सभाओं में शामिल
बाल सभा में 10 से 18 वर्ष की आयु के समस्त बालक-बालिकाओं की ओर से प्रतिभाग किया जाएगा। महिला सभा में 18 वर्ष से ऊपर की समस्त महिलाएं और महिलाओं की संगठनात्मक इकाइयां, जो ग्राम पंचायत के भीतर महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य करती हैं।
कोट,,,,,,,,
बाल एवं महिला सभाओं में आए प्रस्ताव जीपीडीपी की बैठक में शामिल किए जाएंगे। जिन पर पंचायतों की बैठक में निर्णय लेकर विकास की योजनाएं बनाई जाएंगी। -अतुल प्रताप सिंह, डीपीआरओ, हरिद्वार