पर्दानशी बूथों पर तैनात महिला कार्मिक दूसरी महिलाओं के वोट तो डलवाएंगी, लेकिन अपने वोट नहीं डाल नहीं पाएंगी। प्रारूप 12 नहीं मिलने पर महिला कार्मिकों ने ट्रेनिंग के दौरान हंगामा किया। महिलाओं ने नाराजगी जताई कि पढ़े लिखे होकर भी वे मताधिकार का प्रयोग नहीं कर पाएंगी। वहीं महिला कार्मिकों को प्रारूप 12 नहीं मिलने के बारे में अधिकारियों को जानकारी ही नहीं है।
मतदान ड्यूटी देने वाले कार्मिकों को भी चुनाव आयोग की ओर से अपना मत देने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए कार्मिकों को ड्यूटी के संबंधी चिठ्ठी भेजने के साथ ही प्रारूप 12 भी भेजा जाता है। इसमें कार्मिकों को अपनी विधानसभा, पोलिंग बूथ इत्यादि की पूरी जानकारी भरनी होती है। आयोग इस जानकारी के आधार पर कार्मिक का वोट डलवाने की व्यवस्था करता है। जनपद में कार्मिकों को प्रारूप भेजा गया, लेकिन सोमवार को भेल कन्वेंशन हॉल में पर्दानशी बूथों पर ड्यूटी के लिए ट्रेनिंग के लिए पहुंची कई महिला कार्मिकों का कहना था कि उन्हें प्रारूप 12 मिला ही नहीं। ऐसे में वह अब वोट नहीं डाल पाएंगी। महिलाओ ंने इस बात पर नाराजगी जताई कि वह दूसरों को वोट डलवाएंगी, लेकिन खुद मताधिकार से वंचित रह गई हैं।
ट्रेनिंग के दौरान मौजूद अधिकारियों ने उन्हें समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
हालांकि महिला कार्मिकों के मतदान से वंचित रहने पर कई सवाल खड़े होते हैं। वहीं कार्मिकों की ड्यूटी संबंधी व्यवस्था संभाल रही प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी डा. पुष्पा रानी वर्मा ने बताया कि सभी कार्मिकों को प्रारूप 12 भेजे गए थे। जिसे भरकर ईडीसी में जमा कराना था। करीब 1600 कार्मिकों ने प्रपत्र जमा कराएं हैं, उन्हें मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिन्होंने प्रारूप 12 जमा ही नहीं कराया, इसके लिए वह खुद जिम्मेदार हैं।