हरिद्वार। जमीन कब्जाने की नियत से पड़ोसियों की ओर से सड़क बनाने का विरोध करने पर महिला व उनके बेटे के साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिडकुल थाना प्रभारी लखपत सिंह बुटोला के मुुताबिक गांव खालाटीरा निवासी पाल्ली ने शिकायत देकर बताया कि उनके पति एक फार्मेसी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। महिला ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले सत्यपाल, पुलकित उर्फ रुबल, अंकित, कलावती, योगेश, धर्मपाल और रोशनी उनकी गोशाला के सामने पड़ी जमीन को जबरदस्ती हड़पना चाहते हैं और कोई न कोई बहाना बनाकर लड़ाई झगड़ा और गाली गलौच करते रहते हैं। आरोप है कि 16 मई की सुबह 10 बजे आरोपी गोशाला की जमीन पर जबरदस्ती रोड बनाने लगे। इस पर पीड़िता ने मना किया। आरोपियों ने महिला के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद महिला अपनी जान बचाकर घर में घुस गई। आरोप है कि आरोपी पीछा करते हुए उनके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़ने लगे। इस दौरान पड़ोसी वहां पहुंचे और मारपीट करने वालों को समझाया। आरोपियों के जाने के बाद महिला ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। महिला का आरोप है कि पुलिस ने जब कोई कार्रवाई नहीं की तो उन्होेंने कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।