हरिद्वार। जिला पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई सविता चौधरी को जिला निर्वाचन अधिकारी हरबंस सिंह चुघ ने प्रमाणपत्र दिया। उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान शुक्रवार को होगा। इसके बाद 20 या 21 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा। इससे पूर्व एक बैठक होगी, जिसमें तीन सदस्यीय समिति पूर्व जिला पंचायत सदस्यों का सम्मान करेंगी।
बृहस्पतिवार को मायापुर कैंप कार्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी हरबंस सिंह चुघ ने प्रमाणपत्र दिया। इस मौके पर नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष सविता चौधरी ने कहा कि छह महीने में विकास दिखने लगेगा। इस अवसर चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि जनपद में कांग्रेस मजबूत है। इसी का प्रमाण है कि अभी तक अध्यक्ष के लिए चुनाव होते थे, लेकिन इस बार हरिद्वार के इतिहास में पहली बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में जिला पंचायत कमीशन एजेंसी बन गई थी, कोई भी विकास कार्य नहीं हो सका। इसके अलावा पद का दुरुपयोग भी खूब किया गया। जिसके चलते हुए अध्यक्ष के अधिकार सीज हुए।
----------------------
उपाध्यक्ष के लिए मतदान आज
हरिद्वार। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष के लिए मतदान शुक्रवार को सुबह दस से दो बजे तक होगा। इसके बाद तीन बजे से मतगणना होगी। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। मालूम हो कि अध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस से राव आफाक और निर्दलीय वीरेंद्र सिंह प्रत्याशी है।