गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के तेल्लीवाला गांव में छत पर सो रहे राजमिस्त्री की हत्या उसके छोटे भाई और पत्नी ने ही की थी। पुलिस ने बुधवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार करते हुए इनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और खून से सने कपड़े बरामद किए।
तेल्लीवाला गांव में रविवार रात छत पर सोते समय राजमिस्त्री मेहंदी हसन की हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के पिता मुंतजीर (निवासी सांपला, खत्री, देवबंद, सहारनपुर) की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच पड़ताल के बाद बुधवार को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया। गंगनहर कोतवाली में आयोजित पत्रकारवार्ता में एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल और सीओ सिटी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि घटना के समय घर में मौजूद मृतक के भाई नवी हसन पर पुलिस को शक हो गया था। इसलिए उस पर कड़ी नजर रखी जा रही थी।
इस क्रम में जब नवी हसन के मोबाइल की काल डिटेल खंगाली तो पता चला कि जिस रात राजमिस्त्री की हत्या की उस दिन उसकी कई बार अपनी भाभी एवं मृतक की पत्नी से बात हुई थी। सख्ती से पूछताछ में नवी हसन ने स्वीकार किया कि मदरसे में पढ़ने के लिए वह सांपला से अपने भाई के पास तेल्लीवाला आया हुआ था। लेकिन मेहंदी हसन राजमिस्त्री के काम में अक्सर बाहर रहता था। जिसके चलते नवी हसन और राजमिस्त्री की पत्नी मोहसिना के बीच प्रेम संबंध हो गया। फिर दोनों ने मेहंदी हसन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। साजिश के तहत कुछ दिन पहले मृतक की पत्नी मोहसिना मायके झबरेड़ा चली गई थी।
घटना से एक दिन पहले नवी हसन भी झबरेड़ा चला गया। वहां दोनों ने साथ में रात बिताई और अगले दिन मेहंदी हसन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसके बाद रविवार सुबह झबरेड़ा से रुड़की आकर नवी हसन ने चाकू खरीदा। दिन में कई बार भाभी और देवर के बीच मोबाइल पर बात होती रही। रात में सोने से पहले मोहसिना ने पति मेहंदी हसन से बात की। उसके बाद देवर को छत पर पति के सोने की जानकारी दी। उसके बाद नवी हसन छत पर चाकू लेकर पहुंचा और भाई के बगल में सो गया। जैसे ही उसके भाई को गहरी नींद आई नवी हसन ने चाकू से उसका गला रेत दिया और खून से सने अपने कपड़े व चाकू फेंककर कमरे में आकर सो गया। सुबह नवी हसन एक अन्य युवक को साथ लेकर छत पर पहुंचा और ग्रामीणों को भाई की हत्या की जानकारी दी। दो दिन की जांच पड़ताल के बाद आरोपी नवी हसन की निशानदेही पर पुलिस ने खून से सना चाकू और लोअर बरामद किया।
छिपकली भी खिलाई पर असर नहीं
पुलिस ने बताया कि मेहंदी हसन को मारने के लिए पत्नी मोहसिना ने उसके खाने में तीन बार छिपकली पकाकर भी खिलाई। लेकिन हर बार वह बच जाता था। छिपकली खाने का उसकी सेहत पर कभी कोई असर तक नहीं दिखा। उसके बाद उसने हत्या के लिए देवर को तैयार किया।
पांच बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अवैध संबंधों के कारण एक के बाद एक परिवार उजड़ रहे हैं। हाल ही में कलियर के मुकर्रबपुर में अवैध संबंध का एक मामला सामने आया था। जिसमें पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया था। अब एक बार फिर अवैध संबंधों की वजह से तेल्लीवाला गांव में न सिर्फ मेहंदी हसन की हत्या की गई बल्कि उसके पांच बच्चों के सिर से भी पिता का साया उठ गया। साथ ही मां भी सलाखों के पीछे चली गई। इससे पहले भी अवैध संबंध से कई घर तबाह हो चुके हैं।