हरिद्वार जिले की 11 विधानसभाओं में हुए मतदान के बाद इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद 110 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज हो जाएगा। कड़ी सुरक्षा के बीच भेल सेक्टर एक स्थित शिवेडल स्कूल में मतों की गिनती शुरू होगी। सुबह आठ बजे बैलेट पेपर से मतगणना शुरू होगी।
14 फरवरी को जिले की 11 विधानसभाओं में 110 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला करने के लिए कुल 1420182 मतदाताओं में से 1061868 ने वोट डाला। जिले में कुल 74.77 फीसदी मतदान के बाद ईवीएम को हरिद्वार भेल स्थित शिवडेल स्कूल के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला प्रशासन की ओर से इसकी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी की निगरानी में वोटों की गिनती होगी। दोपहर दो बजे तक अधिकतर सीटों पर हारजीत की स्थिति साफ हो जाएगी।
भगवानपुर में सबसे जल्दी तो ग्रामीण से देरी में पूरे होंगे राउंड
जिले में सबसे कम छह प्रत्याशी भगवानपुर विधानसभा में हैं तो सबसे अधिक हरिद्वार ग्रामीण से 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होना है। कम प्रत्याशी होने के कारण भगवानपुर में सबसे जल्दी राउंड पूरा होगा। जबकि अधिक प्रत्याशी वाले हरिद्वार ग्रामीण का राउंड की गिनती का रिजल्ट सबसे देरी में आएगा। हालांकि, सभी विधानभाओं में वोटों की गिनती अलग अलग कक्षों में एक साथ होगी। विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती के लिए हरिद्वार समेत पांच सीटों पर 14-14 टेबल और छह विधानसभा सीटों पर सात-सात टेबल लगाई हैं। हर विधानसभा में एक-एक टेबिल प्रत्याशियों और एजेंटों के लिए लगेगी।
रानीपुर में सबसे ज्यादा, लक्सर में कम बूथ
रानीपुर विधानसभा में सबसे ज्यादा 204 बूथ हैं। जबकि सबसे कम लक्सर विधानसभा में 123 बूथ हैं। दूसरे नंबर पर नगर विस में 181 बूथ हैं।
विधानसभा -बूथ -राउंड -प्रत्याशी
हरिद्वार शहर -181 -13 -10
भेल रानीपुर -204 -15 -11
ज्वालापुर -148 -21 -08
भगवानपुर -153 -22 -06
झबरेड़ा -155 -11 -11
रुड़की -148 -21 -09
पिरान कलियर -143 -20 -10
खानपुर -177 -13 -10
मंगलौर -133 -19 -11
लक्सर -123 -18 -11
हरिद्वार ग्रामीण -163 -12 -13
जिले में इतनों ने किया था मताधिकार
- 752912 पुरुष मतदाताओं में 564816 ने वोट डाले
- 667136 महिला वोटरों में 491279 ने मताधिकार किया
- 136 ट्रांसजेंडर वोटरों में 25 ने मतदान किया
कुल 1420182 मतदाताओं में 1061868 ने वोट डाला
15 मार्च तक रहेगा धारा 144
आदर्श आचार संहित लागू होते ही धारा 144 लागू है और 15 मार्च तक प्रभावी रहेगी। मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों और उनके एजेंटों के अलावा अन्य व्यक्तियों का प्रवेश वर्जित होगा। विजय जुलूस प्रतिबंधित होगा। मतगणना केंद्र के पास मीडिया सेंटर बनाया गया है। मीडिया सेंटर तक ही मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी। अन्य स्थानों पर मोबाइल फोन अनुमन्य नहीं होगा।
टीके के डोज का प्रमाणपत्र अनिवार्यता
कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा। प्रवेश द्वार पर ही थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। मतगणना हाल में मास्क पहनकर रखना होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा। प्रत्याशियों के लिए 48 घंटे पहली आरटीपीसीआर जांच निगेटिव या दोनों टीके की प्रमाणपत्र की अनिवार्यता होगी।