श्यामपुर। नजीबाबाद नेशनल हाईवे पर चंडी देवी रोपवे के पास दो दिन से पानी की पाइप लाइन लीक होने के कारण पानी सड़क पर बह रहा है। इस लीकेज से आसपास के क्षेत्रों में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पाइपलाइन दो-तीन दिन से लीक हो रही है। इसकी सूचना भी विभाग को दी गई, लेकिन जल निगम की ओर से इस समस्या को ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय निवासियों ने जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।
वहीं, जल निगम के जेई दीपक भट्ट ने बताया कि जहां पाइप लाइन में लीक हो रही है, वहां की पाइप पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि स्टोर में इस साइज का पाइप फिलहाल उपलब्ध नहीं है। जैसे ही पाइप उपलब्ध होगा, तुरंत लीक को ठीक किया जाएगा। उसके बाद ही पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल हो पाएगी।