बहादराबाद। विकासखंड बहादराबाद के ग्राम बादूपुर गोविंदपुर के ग्रामीणों ने गांव की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की अधिकांश सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समाजसेवी मनव्वर हसन ने कहा कि टूटी सड़कों के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। उन्होंने कहा कि गांव की पांच प्रमुख सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खराब पड़ी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं कराया गया तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने कहा कि पांचों सड़कों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जा रहा है, उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान होगा। इस मौके पर सलीम, अकरम, अरशद, अमजद, परवेश, नदीम मलिक, सफीक, आजाद, फुरकान, अलाउद्दीन आदि मौजूद रहे।