हरिद्वार। भीषण गर्मी के बीच ग्राम सराय में पेयजल संकट गहराने से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। कई दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने शनिवार को जल संस्थान की टीम को मौके पर बुलाकर घेराव किया और समस्या के जल्द समाधान की मांग की।
सामाजिक कार्यकर्ता अकरम अंसारी और कलीम अंसारी ने बताया कि गांव में पानी की मोटर लगातार चल रही है, इसके बावजूद पुराने गांव के अधिकांश घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उनका आरोप है कि कुछ कॉलोनियों में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति हो रही है, जबकि पुराने गांव के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के कारण पानी की मांग बढ़ गई है, लेकिन जलापूर्ति व्यवस्था संतुलित नहीं होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई घरों में सुबह और शाम के समय भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जल संस्थान की टीम से मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान आसिफ, मुस्तकीम, फैजान, सुलेमान, शकील अहमद समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।