पथरी। थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े तमंचे के बल पर लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक पशु चिकित्सक को रास्ते में रोक लिया और तमंचा दिखाकर नकदी लूट ली। विरोध करने पर मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
गांव धारीवाला निवासी पशु चिकित्सक डॉ. अनिल चौहान शुक्रवार दोपहर गांव टिकोला से एक पशु का उपचार कर वापस लौट रहे थे। बताया गया कि उन्होंने अपने परिचित से कमेटी जमा करने के लिए 15 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके अलावा उनके पास कुछ अन्य नकदी भी थी। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे टिकोला-धारीवाला मार्ग पर पीछे से बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। दोनों ने पहले बिजनौर जाने का रास्ता पूछा। आरोप है कि बातचीत के दौरान एक युवक ने अचानक तमंचा निकालकर डॉ. अनिल की कनपटी पर तान दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनसे मारपीट की और जेब में रखे करीब 18 हजार रुपये छीन लिए।
विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। घटना के बाद डरे-सहमे डॉ. अनिल किसी तरह गांव पहुंचे और परिजनों के साथ ग्रामीणों को पूरी जानकारी दी। पुलिस चौकी फेरूपुर पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
-