जगद्गुरु से मिले सीएम, यूसीसी व नकलरोधी कानून की तारीफ की
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और पूजन करने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर जगद्गुरु ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार की ओर से लिए गए निर्णयों की जमकर सराहना करते हुए इन्हें पूरे देश के लिए अनुकरणीय बताया।
जगद्गुरु ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से ही आद्य जगद्गुरु शंकराचार्य ने आध्यात्मिक ज्ञान का प्रसार किया था और मठों, मंदिरों, पीठों व अखाड़ों के गठन का मार्ग प्रशस्त किया था। आज इसी देवभूमि से समान नागरिक संहिता और नकलरोधी अध्यादेश को कानून बनाने जैसे ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। ये फैसले आज पूरे देश के लिए मार्गदर्शक बन रहे हैं। मध्य प्रदेश सरकार के यूसीसी की दिशा में उठाए गए कदमों का स्वागत करते हुए कहा कि पूरे देश को ऐसे साहसिक निर्णयों का स्वागत करना चाहिए।
अनावश्यक आक्रोश और जिद से नहीं बनेगी पहचान
युवाओं के आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए जगद्गुरु ने कहा कि देश का युवा अभी सोया हुआ है। यदि युवाओं में वास्तव में आक्रोश है, तो उसका सकारात्मक परिणाम भी समाज को दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी बात मनवाने की जिद या अनावश्यक आक्रोश वाले आंदोलनों से कभी किसी युवा की पहचान नहीं बन सकती। युवाओं की जवानी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसी होनी चाहिए। युवाओं का आक्रोश हमेशा राष्ट्रहित और समाज के उत्थान के लिए होना चाहिए।