- पुस्तक मेला लगाकर छात्र-छात्राओं को बताई गई शब्दों की उपयोगिता
- कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी सहित कई शिक्षाविद कार्यक्रम में हुए सम्मिलित
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में मंगलवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक विशाल पुस्तक मेले का भी आयोजन हुआ। मेले में विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं, जिससे उनमें उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी सहित कई शिक्षाविद उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि यह कार्यालय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के व्यापक अवसर देगा। उन्होंने बताया कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है जो नियमित अध्ययन नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय से प्रवेश, अध्ययन, परीक्षा और परामर्श जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी।
कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकों को मित्र बनाने और शिक्षा के साथ संस्कार व सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने निशुल्क पुस्तक वितरण की सराहना करते हुए कहा कि पुस्तकें व्यक्तित्व निर्माण का आधार हैं। निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएं, डॉ. गिरिजा पांडे, सहायक निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएं, डॉ. एमएम जोशी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी समेत बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।