धनौरी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के सभी अध्ययन केंद्रों पर यूजी, पीजी, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा आदि कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। यह प्रवेश विश्वविद्यालय के पोर्टल पर दिए गए लिंक के माध्यम से पूरी तरह ऑनलाइन होगा।
हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में बनाए गए अध्ययन केंद्र की समन्वयक डॉ. अरुणिमा पाण्डेय ने बताया कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के पोर्टल पर एडमिशन का लिंक एक जनवरी से खुल गया है। सभी नए और पूर्व अध्ययनरत छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जाकर, प्रवेश का फॉर्म और फीस ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। सभी कोर्स के नए विद्यार्थियों के लिए सही एबीसी आईडी और डेब आइडी देना अनिवार्य है अन्यथा की स्थिति में उनके प्रवेश यूजीसी डेब से निरस्त कर दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय की तरफ से प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है। सभी छात्र छात्राओं के लिए आवश्यक है कि आगामी अंतिम तिथि के पहले वे अपना प्रवेश फॉर्म भरने के बाद, अपने प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रति और प्रवेश फॉर्म का प्रिंट आउट अध्ययन केंद्र पर अवश्य जमा कर दें। संवाद