हरकी पैड़ी पर फोटोग्राफी करने वाले एक युवक और उसके साथी को बुधवार की रात मध्य हरिद्वार में गोविंदपुरी कालोनी के बाद अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने पर दोनों को स्थानीय अस्पतालों से जौलीग्रांट रेफर किया गया। रास्ते में फोटोग्राफर सौरभ पाल ने दम तोड़ दिया। जौलीग्रांट हास्पिटल में भर्ती उसके साथी जुबेर की हालत चिंताजनक बनी है।
पुलिस के मुताबिक विष्णुलोक कालोनी निवासी सौरभ पाल हरकी पैड़ी गंगा घाटों पर फोटोग्राफी का काम करता था। हरकी पैड़ी क्षेत्र में ही एक सैलून पर ज्वालापुर निवासी जुबेर भी काम करता है। दोनों बुधवार की रात एक ही बाइक पर घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे मध्य हरिद्वार में गोविंदपुरी कालोनी के बाहर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आनन फानन में दोनों को चंद्राचार्य चौक के पास एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें सिडकुल के एक अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत नाजुक देखकर यहां भी डाक्टरों ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद दोनों को जौलीग्रांट ले जाने लगे। हरिद्वार से निकलते ही सौरभ पाल ने दम तोड़ दिया।
रेल चौकी प्रभारी पूरण सिंह तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
---------
सीसीटीवी से पकड़ में आएगा चालक
मध्य हरिद्वार में जहां हादसा हुआ है, उसके आसपास होटल सहित कई प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। माना जा रहा है कि फरार होने के दौरान वाहन सीसीटीवी में जरूर कैद हुआ होगा। वहीं जिला अस्पताल में गमगीन खड़े सौरभ के मामा राजकुमार ने बताया कि उनका भांजा हरकी पैड़ी से काम निपटाकर अक्सर उनके घर ब्रह्मपुरी में ठहर जाता था। सौरभ के भाई की बीमारी से पहले ही मौत हो चुकी है। अब परिवार में मां बाप और एक बहन है।