हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। मृतका पिछले कुछ दिनों से किराए के कमरे में अकेली रह रही थी।
पुलिस के अनुसार हिमांशी (18) पुत्री बबलू, निवासी महावतपुर, थाना नजीबाबाद बिजनौर करीब 15–20 दिन पहले सिडकुल में नौकरी के सिलसिले में हेतमपुर आई थी। वह यहां किराये पर प्रमोद कुमार के मकान में रह रही थी और एक कंपनी में काम करती थी।
मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे जब मकान मालिक की पत्नी माला ने कमरे का दरवाज़ा खोला तो हिमांशी पंखे से लटकी मिली। परिजनों को सूचना देने के बाद मकान मालकिन ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि हिमांशी पिछले कई दिनों से कमरे में अकेली रह रही थी। फांसी लगाने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।