हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पांच माह पहले ही महिला की शादी हुई थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात मेट्रो अस्पताल से सूचना मिली कि एक महिला को फंदा लगाने के बाद अस्पताल में लाया गया है, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाते हुए परिजनों से पूछताछ की। एसओ ने बताया कि मृतका की पहचान हिमांशी (22) पत्नी मोहित कुमार निवासी आनेकी हेत्तमपुर थाना सिडकुल के रूप में हुई।
बताया कि जांच में पता चला कि हिमांशी ने अपने कमरे के अंदर पंखे के जरिये फंदा लगाकर आत्महत्या की है। रावली महदूद निवासी हिमांशी की पांच महीने पहले शादी हुई थी। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके पर जांच की गई। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।