हरिद्वार। मेरे मामा टीटी हैं, तुरंत टिकट दिलवा दूंगा, लेकिन मेरे साथ चलना होगा। इन बातों पर विश्वास करना बिहार निवासी तीन मजदूरों को भारी पड़ गया। टप्पेबाजों ने उन्हें बातों में उलझाकर मोबाइल और पैसे ठग लिए और फरार हो गए। अब पीड़ितों ने पुलिस से गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार निवासी तीन मजदूर ऋषिकेश स्थित रानीपोखरी से मजदूरी कर हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंचे। यहां स्टेशन पर बाहर उन्हें दो लोग मिले और दोनों ने उन्हें झांसे में लेकर पूछा कि कहां जाना है, उन्होंने बिहार जाने की बात कही। तब उन्होंने कहा कि उनके मामा टीटी हैं और वह भी बिहार जा रहे हैं। उनसे मोबाइल और पासवर्ड मांगते हुए टिकट बुक कराने की बात कही।
आरोप है कि तीनों को विकास कॉलोनी में ले आए। दो लोगों को दूसरी गली में खड़ा कर दिया और एक को अपने साथ ले आए। आरोप है कि यहां से मोबाइल व पैसे लेकर दोनों फरार हो गए। कुछ देर बाद तीनों मजदूरों को ठगी का अहसास हुआ और फिर मायापुर चौकी पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।