हरिद्वार। जिले में यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा 14 जून को 53 केंद्रों पर होगी। परीक्षा को शांति और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नोडल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। इन्हें कड़ी सुरक्षा व पारदर्शिता के निर्देश दिए हैं।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की ओर से कराई जाने वाली लिखित प्रतियोगी परीक्षा के संबंध में डीएम मयूर दीखित ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक प्रशासनिक व पुलिस व्यवस्थाएं की गई हैं। निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पेयजल, स्वच्छता, विद्युत, बैठने की समुचित व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए सुगम प्रवेश-निकास किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। परीक्षा से पूर्व ही होटल, लॉज, गेस्ट हाउस, कोचिंग संस्थानों आदि की सघन जांच की जाए। ताकि, किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। धारा 163 का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए।
इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपम रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आरके सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बिनवाल, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, अजय कुमार, नलिनीत घिल्डियाल, अमित कुमार चंद आदि मौजूद रहे।