हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों पर बेसबाल बैट और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल अवस्था में दोनों युवकों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से दोनों को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे की है। अजय भारद्वाज और उसका भाई अमित भारद्वाज निवासीगण कनखल आपस में बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच दीपांकर उर्फ छोटू निवासी मोहल्ला आचार्यान कनखल, उसका भाई सचिन भारद्वाज उर्फ जुगनू, सचिन का पुत्र कार्तिक पहुंचे। तीनों ने पिछले दिनों हुए झगड़े की बात में शिकायत करने पर उन्हें सबक सिखाने की चेतावनी दी। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए उनसे मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि तीनों लोगों ने मिलकर बेसबॉल बैट और चाकुओं से अजय व अमित पर वार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी भाग निकले। जानकारी मिलने पर परिवार लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि घायल युवकों के चाचा योगेश भारद्वाज निवासी सर्वप्रिय बिहार कॉलोनी कनखल की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।