- ग्रामीणों को उठानी पड़ रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरी। नसीरपुर कलां से नसीरपुर खुर्द गांव में खेतों से होकर जाने वाले मार्ग पर सड़क कई जगह से टूट गई है। सड़क का एक हिस्सा पानी के बहाव में बह गया है। इससे दोनों गांव का आपस में संपर्क कट गया है। इस कारण दोनों गांवों के लोगों को लंबी दूरी तय कर दूसरे मार्ग से आवागमन करना पड़ रहा है।
यह मार्ग खेतों से होकर नसीरपुर कलां गांव से नसीरपुर खुर्द गांव में जाता है। बरसात के दिनों में सड़क का एक हिस्सा पानी में बहने से लोग खेतों में भी नहीं जा रहे हैं। नसीरपुर कलां की ग्राम प्रधान गुलनाज अंसारी, प्रधान पति साजिद अली, पूर्व प्रधान श्यामलाल राठौर, कविराज, करण सिंह, मोहब्बत अली, हाजी शहजाद आदि लोगों ने डीएम से हस्तक्षेप कर इस मार्ग पर सड़क और पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है। लोगों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा है। हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत का कहना है कि जल्द ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात कर इस मार्ग पर सड़क का निर्माण कराने का प्रयास किया जाएगा।