पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम फूलगढ़ के जंगल स्थित पथरेश्वर मंदिर परिसर में दो साधुओं की निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने शवों को मंदिर परिसर के पास ही गड्ढा खोदकर दबा दिया। सनसनीखेज मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद से मंदिर के मुख्य पुजारी सहित चार लोग फरार हैं, जिन पर हत्या को अंजाम देने का संदेह है। पुलिस ने चारों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में साधुओं के शराब पीने का जिक्र होने के कारण पुलिस आपसी झगड़े के एंगल से भी मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरनगर (यूपी) के शुक्रताल निवासी पारस गिरी (40) और सेवा गिरी (38) बीते 14 जुलाई को फूलगढ़ गांव स्थित पथरेश्वर मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल आए थे। तब से दोनों यहीं रुके हुए थे। सोमवार को जब दोनों दिनभर नजर नहीं आए, तो अनहोनी की आशंका हुई। इसी बीच, ऐथल निवासी पंकज ने सोमवार रात पुलिस को सूचना दी कि मंदिर में ठहरे दोनों साधुओं की हत्या कर दी गई है। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल, लक्सर सीओ देवेंद्र सिंह नेगी और एसओ रविंद्र कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने निशानदेही पर मंदिर परिसर के पास खोदाई कराई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हो गए। फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
पूछताछ में पंकज ने बताया कि रामेश्वर मंदिर (ऐथल) में रहने वाला उत्तम झा 18 जुलाई को पथरेश्वर मंदिर में ही ठहरा हुआ था। उत्तम ने 18 जुलाई को सेवा गिरी और उत्तम गिरी को शराब पीते देखा था। इसके बाद 19 जुलाई की तड़के उसने कुछ लोगों को गड्ढा खोदते हुए देखा। वारदात के बाद पथरेश्वर मंदिर में रहने वाले आशू ने उत्तम झा को सुल्तानपुर ले जाकर बस में बैठा दिया। वहां से वापस ऐथल लौटने पर उत्तम ने यह पूरी खौफनाक घटना पंकज को बताई, जिसके बाद पंकज ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना 18 जुलाई की रात से 19 जुलाई तड़के की है। वारदात के बाद से इस्माईलपुर, थाना लक्सर उत्तम गिरी, अखिल गिरी, पंडित राममिलन और आशू फरार हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंकज की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। चारों फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।