धर्मनगरी के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में पिल्ला गैंग के गुंडों ने एक मोबाइल कारोबारी पर बीच सड़क जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक की स्कूटी रोककर पहले चाबी छीनी, फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और तमंचे भी लहराए। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव करने पर युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने छह नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जगजीतपुर (पीठ बाजार पुलिया) निवासी पिंकी रानी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका बेटा पारस मोबाइल की दुकान चलाता है। सोमवार शाम करीब सात बजे के बीच वह दुकान के काम से रानीपुर मोड़ गया था। वापसी में अवधूत मंडल के पास कार्तिक, प्रिंस उर्फ छोटा बग्गा, हनी, जस्सी उर्फ दिवस, वंश प्रजापति, कन्नू कश्यप और उनके तीन अज्ञात साथियों ने पारस की स्कूटी रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने पहले स्कूटी की चाबी छीनी और फिर जान से मारने की नीयत से पारस पर टूट पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों के हस्तक्षेप के बाद पारस किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल सका। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिल्ला गैंग से जुड़े हैं और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। उनके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। जांच में पता चला है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमले के दौरान दहशत फैलाने के लिए तमंचे भी लहराए थे। ज्वालापुर सीओ संजय चौहान ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।