पथरी। थाना क्षेत्र के ग्राम बोडाहेड़ी में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश के चलते हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया। इधर, प्राथमिकी दर्ज करने की भी तैयारी चल रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को बोडाहेड़ी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चल गए, जिसमें दोनों पक्षों के करीब छह लोग घायल हो गए। विवाद की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और लाठियां फटकार कर हालात पर काबू पाया। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए। दो लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
बताया जा रहा है कि गांव में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। रविवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट और पत्थरबाजी में बदल गया। थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि आरोपी अब्दुल जब्बार उर्फ मानू व मुसर्रत निवासी बोडाहेड़ी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।