हरिद्वार। मोतीचूर फ्लाईओवर और श्यामपुर क्षेत्र में होली के दिन हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। फ्लाईओवर पर मोटरसाइकिल और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर लगने से एक युवक की मौत हुई। श्यामपुर में अज्ञात वाहन ने एक मजदूर को टक्कर मारी। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर पर बुधवार को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ज्वालापुर निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसकी शिनाख्त शुरू कर दी। वहीं, श्यामपुर थाना क्षेत्र में हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर मजदूरी करने वाले संजय पुत्र भगवान सिंह निवासी बिजनौर यूपी सड़क पार कर रहे थे। तभी उन्हें अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया। संजय टिहरी गढ़वाल में मजदूरी करते थे और होली पर अपने साथियों के साथ घर लौट रहे थे। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह का कहना है कि दुर्घटनाओं के मामलों की जांच की जा रही है।