हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे किनारे स्ट्रॉबेरी का ठेला लगाए खड़े तीन युवकों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, तबरेज (28) पुत्र अब्दुल समद निवासी मोहल्ला बंदर टोल मंगलौर अपने साथी असलम पुत्र अमीर अहमद निवासी मलानपुरा मजवत्ता मंगलौर और उजैफा पुत्र इकराम निवासी मलकपुरा मंगलौर के साथ ज्वालापुर क्षेत्र में सीएनजी पेट्रोल पंप के पास हाईवे किनारे स्ट्रॉबेरी का ठेला लगाते थे। चार मार्च की शाम करीब पौने छह बजे तीनों अपने ठेले के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान हरिद्वार की ओर से रुड़की की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने पहले हाईवे की रेलिंग तोड़ी और फिर सड़क किनारे खड़े तीनों युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे में तबरेज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि असलम और उजैफा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। तबरेज के भाई जुबैर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।