मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत दो नई मेडिकल मोबाइल वैन की शुरुआत सोमवार से हुई। यह वैन जनपद के श्रमिकों को बेहतर और निशुल्क चिकित्सा उपचार प्रदान करेंगी। रोशनाबाद कम्युनिटी हॉल में श्रमिक किट वितरण और स्वास्थ्य कैंप भी आयोजित किया गया। विधायक आदेश चौहान मुख्यमंत्री श्रमिक स्वच्छता, शिक्षण सामग्री और पोषण योजना किट वितरित किए।
योजना के तहत दो मोबाइल वाहन पूरे जनपद में भ्रमण करेंगे। इनके माध्यम से श्रमिकों की 44 तरह की स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की जाएंगी। आदेश चौहान ने कहा कि सरकार श्रमिकों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रही योजनाओं का जिक्र किया। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार अधिनियम के तहत पंजीकृत कामगारों को लाभ मिलेगा। मनरेगा में नियोजित निर्माण श्रमिकों को भी इन योजनाओं का फायदा मिलेगा।
-
श्रमिक कल्याण योजनाओं से बेहतर होगी जिंदगी
योजनाओं में विवाह सहायता, प्रसूति सहायता, मृत्युपरांत सहायता, मुख्यमंत्री बाल कल्याण, मुख्यमंत्री विद्यार्थी कल्याण, मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य और वृद्धा पेंशन शामिल हैं। विधायक आदेश चौहान ने सभी श्रमिकों से इन योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कई योजनाएं संचालित हो रही हैं। सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार ने श्रमिकों से पंजीकरण कराने का आग्रह किया।