हरिद्वार में शनिवार को नीलधारा के बीच सेल्फी लेने गए दो युवकों की जान पर बन आई। अचानक जलस्तर बढ़ने से दोनों युवक नीलधारा में फंस गए। जिन्हें श्यामपुर पुलिस और जल पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
प्रणव उपाध्याय पुत्र विनोद उपाध्याय निवासी शिवपुर वाराणसी और अभिनव पुत्र अनिल कुमार निवासी बिजनौर सिडकुल की एक कंपनी में इंटरव्यू देने के लिए हरिद्वार आए थे। शनिवार को इंटरव्यू देने के बाद देर शाम वीडियो बनाने और सेल्फी लेने के लिए नीलधारा के बीच चले गए, लेकिन तभी अनाचक नीलधारा का जलस्तर बढने से दोनों युवक गंगा के बीच में फंस गए। उन्होंने मौके से ही तुरंत सौ नंबर पर फोन किया।
आनन-फानन में जल पुलिस और श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राफ्ट बोट के माध्यम से दोनों युवकों तक पहुंचे। इसके बाद उन्हें लाइफ जैकेट पहनाकर सुरक्षित बाहर निकाला। श्यामपुर एसओ राजीव उनियाल ने बताया कि दोनों युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और भविष्य में इस प्रकार से जान जोखिम में डालकर नदियों में नहीं जाने की हिदायत दी है।