टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित क्वांटम ग्लोबल कैंपस में आयकर विभाग की टीम ने 32 घंटे तक दस्तावेज खंगाले। शुक्रवार सुबह पहुंची टीम की कार्रवाई शनिवार शाम तक चली। इस दौरान किसी को भी संस्थान में प्रवेश नहीं करने दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल गेट और संस्थान परिसर में तैनात रहा। बताया जा रहा है कि टीम कंप्यूटर डाटा समेत कई फाइलें अपने साथ ले गई है।
भाजपा नेता अनिल गोयल के देहरादून, दिल्ली और रुड़की समेत कई प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी शुरू की थी। इसी के तहत भगवानपुर में दिल्ली-देहारदून हाईवे पर मंडावर चेक पोस्ट के समीप स्थित क्वांटम ग्लोबल कैंपस में भी शुक्रवार सुबह 8.40 बजे टीम पहुंची थी। आयकर विभाग की टीम के अचानक पहुंचने से संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारी में खलबली मच गई थी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने सभी के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए थे। वहीं, आयकर विभाग की कार्रवाई शनिवार शाम तक चली। इस दौरान कंप्यूटर डाटा समेत तमाम फाइलें खंगाली गईं। संस्थान के गेट पर पुलिस तैनात रही और संस्थान के भीतर जाने वाले रास्तों पर बैरियर लगाकर आवाजाही बंद कर दी गई।
आयकर विभाग की टीम दिन रात फाइलें खंगालती रही। करीब 32 घंटे चली जांच के बाद शनिवार शाम पांच बजे टीम वापस लौट गई। बताया जा रहा है कि घंटों चली जांच पड़ताल के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। सूत्रों के अनुसार, टीम अपने साथ कंप्यूटर डाटा और कुछ दस्तावेज भी ले गई है। टीम की इस कार्रवाई पर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर चलता रहा।