हरिद्वार। मेला प्रशासन ने आठ फरवरी को मौनी अमावस्या और 12 फरवरी को बसंत पंचमी स्नान की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने अर्द्घकुंभ मेला में पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 14 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को जोनल एवं सेक्टर वार नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। शासन से अधिकारी कम मिलने के कारण एक सेक्टर मजिस्ट्रेट को कई-कई सेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। स्नान से पूर्व सभी को अपने-अपने सेक्टरों में आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था कराने को कहा है।
मेलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी जीवन सिंह नागन्याल को मायापुर, अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी को कनखल, सिटी मजिस्ट्रेट जयभारत सिंह को भूपतवाला, संयुक्त मजिस्ट्रेट मयूूर दीक्षित को नीलधारा एवं अपर जिलाधिकारी प्रताप शाह, देहरादून को ऋषिकेश को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। इसके साथ ही मेलाधिकारी ने अधिकारी कम मिलने के कारण 32 सेक्टरों की जिम्मेदारी 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट को सौंपी हैं। उन्होंने डिप्टी कलेक्टर जितेंद्र कुमार को हरकी पैड़ी, उप मेलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी को हरिद्वार व मंसा देवी, उप मेलाधिकारी अवधेष कुमार सिंह को रानीपुर व मायापुर, डिप्टी कलेक्टर किसन सिंह नेगी को ज्वालापुर, संयुक्त मजिस्ट्रेट वंदना सिंह को रोडी व बेलवाला, डिप्टी कलेक्टर योगेंद्र सिंह को बैरागी कैंप, सतीद्वीप एवं दक्षद्वीप, डिप्टी कलेक्टर नूपुर वर्मा को कनखल व बहादराबाद, डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार को लालजीवाला, भीमगोडा, कांगड़ाद्वीप व मोतीचूर, डिप्टी कलेक्टर युक्ता मिश्र को पंतद्वीप, सप्तसरोवर व भूपतवाला, तहसीलदार अर्द्घकुंभ मेला मनजीत सिंह गिल को नीलधारा व चीला, डिप्टी कलेक्टर सौरभ असवाल को चंडीदेवी व गौरीशंकर, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश अरविंद पांडेय को रायवाला, श्यामपुर व ऋषिकेश, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान को चंद्रभागा व मुनिकी रेती और उप जिलाधिकारी कोटद्वार गोपाल राम बिनवाल को र्स्वगाश्रम, लक्ष्मण झूला एवं नीलकंठ का सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उप मेलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह व देवेंद्र सिंह नेगी तथा तहसीलदार मनजीत सिंह गिल अपने कार्य के साथ-साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट के अतिरिक्त दायित्व का निर्वहन भी करेंगे।