हरिद्वार। रानीपुर और ज्वालापुर पुलिस ने शनिवार रात चोरी की स्कूटी के साथ आरोपी फिरोज उर्फ छोटा और शुभम कश्यप को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
ज्वालापुर कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को आशीष गुलाटी पुत्र अविनाश गुलाटी निवासी घास मंडी की स्कूटी दुकान के आगे से चोरी कर ली गई थी। मुकदमा दर्ज कर वाहन चोर की तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार रात चेकिंग के दौरान आरोपी फिरोज उर्फ छोटा निवासी ग्राम एकड़ खुर्द थाना पथरी को चोरी की स्कूटी के साथ नहर पटरी निकट रेगुलर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
रानीपुर कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने बताया कि 25 जुलाई को रामधाम कालोनी निवासी महिला ने स्कूटी चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। सीसीटीवी कैमरों से आरोपी को चिह्नित किया। शनिवार रात मिलिट्री फार्म शिवालिक नगर से आरोपी शुभम कश्यप निवासी ग्राम बोंगला थाना बहादराबाद हाल गुघाल मंदिर पार्किंग के पास पांडेवाला को गिरफ्तार कर लिया गया।