हरिद्वार। बैंक एटीएम में रुपये निकालने जाने वाले लोगों के डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को सिडकुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से विभिन्न बैंकों के 14 डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं। आराेपी एटीएम चलाने में सहयोग करने का झांसा देकर कार्ड बदल देते थे और रकम निकाल लेते थे। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को आलोक कुमार मिश्रा निवासी लखीमपुर यूपी हाल ब्रह्मपुरी रावली महदूद ने मुकदमा दर्ज कराया था कि 20 मार्च को ब्रह्मपुरी स्थित एटीएम में पैसे निकालने पहुंचा था। जहां अज्ञात लोगों ने उसे बातों में उलझाकर डेबिट कार्ड बदलकर खाते से 14 हजार 500 रुपये निकाल लिए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले और आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। अहम सुराग मिलने पर सोमवार को पुलिस ने ऑटो स्टैंड के पास इंद्रलोक कॉलोनी से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी विकास और प्रदीप निवासीगण ग्राम चंद्रपुर थाना बड़ागांव जिला सहारनपुर ने सिडकुल, ज्वालापुर, रानीपुर, पथरी क्षेत्र में डेबिट कार्ड बदलकर लोगों के पैसे निकालने की बात कबूल की है। रानीपुर व सिडकुल में दर्ज केस से संबंधित एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। कुल 14 कार्ड व 6500 की नकदी, एक बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। आरोपी कंपनी के आसपास और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में एटीएम की रैकी करते थे। फिर एटीएम चलाने में सहयोग करने का झांसा देकर कार्ड बदल देते थे और रकम निकाल लेते थे। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
-
आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं कई मुकदमे
एसओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपी प्रदीप के खिलाफ सहारनपुर के मंडी थाना में चोरी, धोखाधड़ी के तीन और बड़गांव थाने में मारपीट धमकी, फतेहपुर में चोरी, धोखाधड़ी, सदर बाजार थान में चोरी-ठगी के चार मुकदमे दर्ज हैं। विकास के खिलाफ गागलहेड़ी थाने में आबकारी का एक, अब सिडकुल में ठगी, चोरी का एक मुकदमा दर्ज हुआ है।