पथरी। थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राॅली चोरी कर लेने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अर्जुन और अनुज निवासी ग्राम रानीमाजरा के कब्जे से चोरी के वाहन बरामद कर लिया गया। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आठ फरवरी को रौनक वालिया पुत्र मुनीष पाल निवासी ग्राम रानीमाजरा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसने अपने घर के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली को खड़ी की थी। जब सुबह उठकर देखा तो ट्रैक्टर-ट्राॅली गायब थी। चोरी का पता चलते ही तुरंत पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से दो संदिग्धों को चिह्नित किया गया और तलाश शुरू की गई। सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर बंसल स्टोन क्रॅशर के सामने से आरोपी अर्जुन व अनुज को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली गई। मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।