-सिडकुल थाना क्षेत्र का मामला, दो आरोपी अभी फरार
- देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास के बाद हरिद्वार पहुंचे थे आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में रानीपुर रो नदी के पास तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए हरिद्वार आए थे। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अन्नेकी हेतमपुर निवासी पंकज कुमार ने 24 सितंबर को सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास चार युवकों ने तमंचा दिखाकर उसकी बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। मामले में पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की था।
घटना के खुलासे के लिए थाना प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में टीम गठित की। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस बीच सुराग मिलने पर पुलिस ने रविवार को नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से आरोपी दीपक निवासी खागा, फतेहपुर यूपी हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर और आकाश उर्फ पहाड़ी निवासी नगर थाना पौड़ी, पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस पूछताछ में दीपक ने बताया कि 23 सितंबर को रायपुर देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले के बाद गिरफ्तारी के डर से वह साथियों के साथ हरिद्वार आ गया था। अगले दिन एक साथी अपने घर चला गया। इसके बाद दीपक समेत चार युवक पेंटागन मॉल के पीछे नदी किनारे शराब पी रहे थे।
पैसे खत्म होने पर उन्होंने नदी किनारे कार खड़ी की और कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार पंकज को रोक लिया। तमंचा दिखाकर उसकी पल्सर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। आरोपियों ने बताया कि उनके दो साथी बाइक और मोबाइल बेचने के लिए गए थे लेकिन अभी तक वापस नहीं लौटे। दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई बाइक व मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।