हरिद्वार। रानीपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन सीईआईआर पोर्टल की मदद से बरामद कर लिए। ये मोबाइल फोन सितंबर माह में अलग-अलग स्थानों से गुम हुए थे। करीब दो लाख कीमत के 10 मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे। सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की ओर से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए सीईआईआर पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस टीम ने पोर्टल के माध्यम से विभिन्न मोबाइल फोन की लोकेशन और तकनीकी जानकारी जुटाते हुए उन्हें बरामद किया। बरामद किए गए 10 मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब दो लाख है। मोबाइल फोन वापस मिलने पर उनके स्वामियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में इसकी सूचना पुलिस को देने के साथ पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। संवाद