हरिद्वार। हरिद्वार नजीबाबाद हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर दो सड़क दुर्घटनाएं हुई। बस और ट्रक की टक्कर में दोनों के चालक घायल हो गए, जबकि सवारियां बाल-बाल बच गई। दूसरी दुर्घटना में कार सवार दो युवक घायल हो गए।
सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हरिद्वार की ओर से बनबसा जा रही टनकपुर डिपो की बस को सामने से आ रहे लकड़ी से भरे ट्रक ने टक्कर दे मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोडवेज बस पूरी की पूरी घूम गई। दुर्घटना में ट्रक चालक स्वंयसुख निवासी स्योहारा बिजनौर और रोडवेज बस चालक राजेंद्र कुमार को चोटें आई। जबकि बीस सवारियां बाल बाल बची।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस और ट्रक को सड़क किनारे पार्क कराया। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक सामने से आ रही बस से जा टकराया। वहीं दूसरी ओर हरिद्वार से मेरठ जा रही एक कार पीली नदी के पास अनियंत्रित होकर तीन बार पलटने के बाद पेड़ से जा टकराई। घटनास्थल पर पहुंचे चेतक सवार पुलिसकर्मी पृथ्वी नेगी ने कार सवार युवकों को दरवाजा तोड़कर मशक्कत से बाहर निकाला फिर उन्हें जिला अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार मेरठ के रहने वाले युवकों के नाम अतुल यादव एवं हरेंद्र है।