चौक बाजार में सड़क पर बह रहा सीवर का पानी।
- फोटो : HARIDWAR
ज्वालापुर में सीवर लाइन चोक होने से चौक बाजार की सड़कों पर घंटों गंदा पानी बहता रहा। इससे व्यापारियों व बाजार में खरीददारी के लिए आए ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ज्वालापुर के चौक बाजार में सीवर लाइन पुरानी बिछी हुई है। ज्यादा आबादी होने और क्षेत्र में पशुपालकों के द्वारा गोबर सीवर लाइन में छोड़ दिए जाने से चोक जाती है। सोमवार की सुबह को भी सीवर लाइन चोक हो गई और मेन हॉल से गंदा पानी उफनने लगा। चौक बाजार की सड़कों पर सीवर का गंदा पानी भरने से बाजार में गंदगी व दुर्गंध से व्यापारी परेशान हो गए। सड़क से लोग मजबूरी में ही निकले। चौक बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव तुम्बडिया ने बताया कि सीवर लाइन बदलवाने के लिए कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया, लेकिन कोई असर नहीं। विभागों की लापरवाही व्यापारियों पर भारी पड़ रही है। संजय मेहता व विनय श्रोत्रिय ने कहा कि नालियों की ठीक से सफाई न होने की वजह से ओवरफ्लों होने पर नालियों का पानी अक्सर सड़कों पर बहने लगता है। गौरव अरोड़ा, अशोक, मनोज कुमार, सुरेंद्र कुमार, नरेश गर्ग, अंकित मेहता, अशोक अरोड़ा, अरविंद कुमार आदि ने नाराजगी जताई।