आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में डाक विभाग ने बड़ी तैयारी की है। इसके तहत हर घर तिरंगा योजना के अंतर्गत डाकघरों से न केवल तिरंगे का वितरण होगा बल्कि डाकघरों में सेल्फी प्वाइंट भी होगा, जहां आमजन तिरंगे संग सेल्फी ले सकेंगे। हरिद्वार डाकघर में आज से तिरंगा मिलना शुरू हो जाएगा। जिसके लिए 25 रुपये अदा करने होंगे।
हर घर तिरंगा अभियान: उत्तराखंड के 20 लाख घरों में फहराया जाएगा तिरंगा, सीएम धामी ने की ये अपील
देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संपूर्ण भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा हर घर तिरंगा अभियान की घोषणा की गई है। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री ने देश के सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों में 13 से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराने की अपील की है। इसे ध्यान में रखते हुए हर घर तिरंगा अभियान के तहत 1 अगस्त से डाकघरों से तिरंगा ध्वज की बिक्री की जाएगी।
सिटी पोस्ट मास्टर उम्मेद सिंह रावत ने बताया कि समस्त डाकघरों में 1 अगस्त से बिक्री के लिए तिरंगा उपलब्ध रहेगा। इसे 25 रुपये में खरीदा जा सकता है। बताया कि हर घर तिरंगा अभियान में डाक विभाग द्वारा हर घर तिरंगा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी। हरिद्वार जिले के सभी डाकघरों में आज से तिरंगे की बिक्री शुरू हो जाएगी।