आज से सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का पर्चा और सभी जांचें महंगी हो जाएंगी। सरकारी अस्पताल में हर साल सभी सुविधाओं के चार्ज में दस फीसदी तक की वृद्धि होती है। 23 रुपये का ओपीडी का पर्चा 25 रुपये का हो जाएगा। शासनादेश के मुताबिक सुविधाओं के बदले में लिए जाने वाले शुल्क में आज से दस प्रतिशत की वृद्धि हो जाएगी। शुल्क बढ़ाने के लिए प्रक्रिया मंगलवार को काम समाप्त होते ही कर दी गई। आज बुधवार से पर्चा 23 रुपये के बजाय 25 रुपये में मिलेगा। अल्ट्रासाउंड जहां 471 रुपये का था तो अब 518 रुपये में होगा। एक्स-रे जहां 165 रुपये में होता था तो अब 181 रुपये में होगा। भर्ती शुल्क में भी 12 रुपये का इजाफा करते हुए 131 रुपये का दिया गया है। छोटी-छोटी जांचों में भी पांच रुपये की वृद्धि कर दी गई है।
--------------------
शासनादेश के अनुसार जिला, मेला और महिला अस्पताल में सुविधाओं के बदले में लिए जाने वाले शुल्क में एक जनवरी से बढ़ाने के लिए प्रक्रिया पूरी हो गई है। बुधवार से मरीजों से नए चार्ज लिए जाएंगे।
- डॉ. चंदन मिश्रा, प्रभारी सीएमएस, जिला अस्पताल।