पॉड टैक्सी रूट के विरोध में व्यापारी और स्थानीय नागरिक सड़क पर उतरे आए हैं। उन्होंने डमरू बजाकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने शहर से बाहर पॉड टैक्सी का रूट बनाने की मांग उठाई।
मंगलवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से हुए प्रदर्शन शहर के व्यापारी और नागरिक शामिल हुए। इस दौरान प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष डाॅ. नीरज सिंघल ने कहा कि अपर रोड पर कुंभ और अर्द्धकुंभ में अखाड़ों के शाही जुलूस निकलते हैं। पॉड टैक्सी रूट बनने से जुलूस कैसे निकलेंगे। इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क के दोनों तरफ अंडर ग्राउंड बिजली, पानी, सीवर और गैस आदि पाइप लाइन पड़ी है। जिससे खुदाई होने से सब नष्ट हो जाएंगी। इससे लोगों के सामने पानी, गैस आदि का संकट खड़ा होने के साथ ही सीवर का गंदा पानी सड़क पर बहेगा। शहर को व्यापारी और नागरिक किसी भी सूरत में उजाड़कर श्मशान नहीं बनने देंगे। जिससे उन्हें विकास के नाम पर विनाश नहीं चाहिए। कहा कि प्रोजेक्ट को अपर रोड जीरो जोन क्षेत्र से बाहर किया जाए। सोमवार को जिस प्रकार से प्रोजेक्ट के अधिकारियों की ओर से निरीक्षण के दौरान व्यापारियों व गंगा सभा के पदाधिकारी संतुष्ट नहीं दिखे। उससे साफ है कि कोई भी प्रोजेक्ट के पक्ष में नहीं है।
जिला महामंत्री संजय त्रिवाल ने कहा कि इस प्रकार का पॉड टैक्सी का प्रोजेक्ट अभी पूरे भारत में कहीं नहीं आया है। बड़े शहरों और मेट्रो सिटी जहां पर यह प्रोजेक्ट लगने चाहिए। वहां भी पॉड टैक्सी नहीं चलाई गई है। शहर को श्मशान बनाने की साजिश की जा रही है। जिस साजिश को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। संरक्षक तेज प्रकाश साहू ने कहा कि हरिद्वार की भौगोलिक स्थिति अन्य बड़े शहरों से भिन्न है। प्रयागराज, उज्जैन, मथुरा आदि में चारों तरफ बहुत जमीन है लेकिन हरिद्वार जैसा छोटा सा शहर एक तरफ पर्वतों से घिरा हुआ है तो दूसरा ओर गंगा है। बावजूद इसके कथित स्वार्थी लोग आर्थिक लाभ के लिए शहर को बर्बाद करने पर तुले हैं। जिससे व्यापारी सहन नहीं करेंगे।
इस मौके पर विनय त्रिवाल, पंडित प्रदुमत्र, भगत गोपाल दास, सुनील कुमार, पवन सुखीजा, गगन गुगनानी, अजय रावल, विशाल माहेश्वरी, राजेश अग्रवाल, सूरज कुमार, सुरेश शाह, संजीव सक्सेना, आनंद फौजी, राजीव शर्मा, महेश कुमार, अमन कुमार साहिल शर्मा, धर्मेंद्र शाह आदि मौजूद रहे।