न्यू हरिद्वार चंद्राचार्य चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक में एक महिला ग्राहक के साथ स्टाफ की ओर से अभद्रता करने पर व्यापारियों ने प्रबंधक से शिकायत की। लेकिन मामला तब तूल पकड़ गया जब बैंक कर्मी व्यापारियों पर बिफर पड़े। स्टाफ ने व्यापारियों को बैंक से बाहर निकलने की धमकी दी। इस पर बैंक स्टाफ और व्यापारियों में जमकर नोकझोंक हुई। बाद में संबंधित कर्मचारी ने महिला के साथ व्यापारियों से माफी मांगी।
मंगलवार को न्यू हरिद्वार कालोनी निवासी पूजा भटनागर चेक से भुगतान के लिए बैंक में पहुंची। बताया गया कि चेक दूसरी शाखा का होना बताते कर्मी ने पैसा देने से इंकार कर दिया। पूजा ने मजबूरी जताई तो आरोप है कि बैंक कर्मी ने उसे डिस्टर्ब न करने की बात कहकर जाने को कहा। पूजा ने उसने नियम होने का हवाला दिया तो कर्मचारी उस पर बरस पड़ा और बैंक को बाहर जाने को कहा। पूूजा ने मामले की शिकायत न्यू हरिद्वार चंद्राचार्य चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष मृदुल कौशिक से की। शिकायत पर व्यापारी पीएनबी पहुंचे।
व्यापारियों ने मामले की शिकायत प्रबंधक से की तो आरोप है कि कर्मी व्यापारियों के साथ अनाप शनाप बोलने लगा। आरोप है कि बैंक कर्मी व्यापारियों को बैंक कार्य में बाधा डालने पर मुकदमा कराने की धमकी देने लगा। इस पर व्यापारियों की उससे नोकझोंक होने लगी। बैंक का सारा स्टाफ भी बैंक कर्मी के पक्ष में खड़ा हो गया। मामला बढ़ता देख प्रबंधक के आदेश पर संबंधित कर्मचारी ने पीड़िता से माफी मांगी। तब जाकर मामला शांत हुआ। इस मौके पर सुनील गुलाटी, प्रियव्रत गुप्ता, दीपक अग्रवाल, राहुल गोयल, बृजराज खरे, संजय द्विवेदी, सौरभ भटनागर, कन्हैया, सतनाम सिंह भाटिया, राजकुमार, देवेंद्र, हेमंत, प्रेम थापा, सुरेंद्र अग्रवाल, राधेश गुप्ता, संजीव शर्मा, मनीष सचदेवा, दिव्या अवस्थी, सरोज कुमार आदि शामिल हुए।
नोटबंदी के बाद से शाखाओं में अपने खाताधारकों के साथ ही लेनदेन किया जा रहा है। बाद में व्यापारी पहुंचे तो दोनों ओर से कहासुनी हो गई। बाद में बैंक स्टाफ धारा सिंह द्वारा माफी मांगने पर व्यापारी और महिला ग्राहक मान गए।- पी महेंद्र, शाखा प्रबंधक अहमदपुर ब्रांच, पीएनबी।